हिंदी
अपने फैसले खुद करने की आज़ादी के बारे में बाइबल में क्या बताया है? क्या ईश्‍वर ने हमारी किस्मत पहले से लिख दी है?
https://cms-imgp.jw-cdn.org/img/p/502013208/univ/art/502013208_univ_sqr_xl.jpg
ijwbq लेख 44

अपने फैसले खुद करने की आज़ादी के बारे में बाइबल में क्या बताया है? क्या ईश्‍वर ने हमारी किस्मत पहले से लिख दी है?

अपने फैसले खुद करने की आज़ादी के बारे में बाइबल में क्या बताया है? क्या ईश्‍वर ने हमारी किस्मत पहले से लिख दी है?

शास्त्र से जवाब

 अकसर लोग कहते हैं कि ऊपरवाले ने पहले से तय कर दिया है कि हमारे साथ क्या होगा या भाग्य का लिखा कोई नहीं टाल सकता। लेकिन ईश्‍वर ने हमें अपने फैसले खुद करने की आज़ादी दी है और इस तरह हमें बहुत इज़्ज़त दी है। आइए जानें कि इस बारे में पवित्र शास्त्र में क्या बताया है।

  •   ईश्‍वर ने इंसानों को अपनी छवि में बनाया है। (उत्पत्ति 1:26) इसका मतलब, हमारे अंदर वे गुण हैं जो हमारे बनानेवाले में हैं। इसलिए हममें सही-गलत की समझ होती है और हम एक-दूसरे से प्यार करते हैं। जानवर ऐसा नहीं कर सकते। वे सिर्फ वही करते हैं जो उनके स्वभाव में होता है। देखा जाए तो ईश्‍वर की तरह हमारे पास अपने फैसले खुद करने की आज़ादी है।

  •   काफी हद तक हम खुद तय कर सकते हैं कि हमारा आनेवाला कल कैसा होगा। बाइबल में बढ़ावा दिया गया है कि हम ‘परमेश्‍वर की बात सुनें और ज़िंदगी चुन लें।’ (व्यवस्थाविवरण 30:19, 20) ज़रा सोचिए, अगर हमारे पास आज़ादी ही नहीं है, तो क्या ईश्‍वर हमसे ज़िंदगी चुनने को कहता? यह तो सरासर गलत होता! इंसानों के साथ ज़बरदस्ती करने के बजाय ईश्‍वर कहता है, ‘अगर वे मेरी सभी आज्ञाओं का पालन किया करेंगे, तो ही उनका और उनकी संतान का सदा भला होगा।’​—व्यवस्थाविवरण 5:29.

  •   यह पहले से नहीं लिखा होता है कि हम कामयाब होंगे या नहीं। हम अपनी किस्मत से नहीं बल्कि अपनी मेहनत से किसी काम में कामयाब होते हैं। बाइबल में लिखा है, “तू जो भी करे उसे जी-जान से कर।” (सभोपदेशक 9:10) इसमें यह भी बताया है, “मेहनती की योजनाएँ ज़रूर सफल होंगी।”​—नीतिवचन 21:5.

 अपने फैसले खुद करने की आज़ादी ईश्‍वर की तरफ से एक अनमोल तोहफा है। इससे हम दिखा पाते हैं कि हम “पूरे दिल” से ईश्‍वर से प्यार करते हैं। और हम किसी दबाव में आकर नहीं, बल्कि खुशी से और अपनी मरज़ी से ऐसा करना चाहते हैं।​—मत्ती 22:37.

क्या हमारी डोर ईश्‍वर के हाथ में है?

 बाइबल में लिखा है कि ईश्‍वर सर्वशक्‍तिमान है, उससे ताकतवर कोई नहीं है। (अय्यूब 37:23; यशायाह 40:26) पर इसका यह मतलब नहीं कि हमारी किस्मत की डोर उसके हाथ में है। अगर ऐसा होता, तो वह बुरे लोगों को कुछ गलत करने से पहले ही रोक देता। लेकिन पुराने ज़माने में एक बेरहम देश बैबिलोन के बारे में ईश्‍वर ने कहा, “मैं काफी समय से चुप रहा, खामोश रहकर खुद को रोकता रहा।” (यशायाह 42:14) आज भी वह उन लोगों को बरदाश्‍त कर रहा है जो अपनी आज़ादी का गलत इस्तेमाल करके दूसरों को तकलीफ पहुँचाते हैं। हम यकीन रख सकते हैं कि ईश्‍वर उन्हें हमेशा तक बरदाश्‍त नहीं करेगा।​—भजन 37:10, 11.